करौंदी बाजार (देवरिया)। सदर कोतवाली इलाके के नौतन गांव के दलान टोले में चार कीमती पेड़ कटवाकर बेंचे जाने के विरोध में गांववालों ने प्रदर्शन किया। सूचना के बाद पहुंचे वन विभाग के अधिकारियों ने लकड़ी को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
नौतन गांव के दलान टोले पर छोटी गंडक नदी के किनारे शीशम के चार मोटे-मोटे पेड़ थे। बताया जा रहा है कि विश्व पर्यावरण दिवस के दिन इसे कटवा दिया गया। शनिवार की सुबह एक गाड़ी पेड़ का बोटा लादने के लिए पहुंची। इससे गांववाले उत्तेजित हो गए। गांववालों ने वाहन को दौड़ा लिया। चालक किसी तरह से वाहन लेकर फरार हो गया। गांववालों ने प्रधान श्यामबहादुर पर आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि प्रधान ने ही पेड़ कटवाया है। चुपके से इसको बेचने की योजना थी। समय पर देख लिया गया, नहीं तो प्रधान अपने कारनामे में सफल हो गया होता। सूचना के बाद करौंदी चौकी से पुलिस और वन विभाग उड़ाका दल के प्रभारी अमरजीत कुमार पहुंचे। उन्होंने लकड़ी कब्जे में ले लिया गया है। गांववालों को कागजात बनाकर दिया। कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी। इस मामले में जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराया जाएगा। पांच घंटे बाद मामला शांत हुआ।