संवाद न्यूज एजेंसी
भाटपाररानी। नगर में शुक्रवार को सायंकाल दुर्गा मंदिर रोड पर अचानक एक कुत्ता प्रवेश कर गया। उसने विभिन्न दुकानों व रास्ते में चल रहे 11 से अधिक लोगों को काटकर घायल कर दिया। इसमें छोटे बच्चे और महिलाएं भी शामिल रहीं। इससे दुर्गा मंदिर रोड पर अफरा-तफरी मच गई।
भाटपाररानी उपनगर में शाम चार बजे अचानक एक कुत्ता आ गया। लोगों ने समझा कि वह सामान्य कुत्ते जैसा होगा। इसी बीच उसने अचानक दुर्गा मंदिर के पास एक दुकान पर खड़ी 10 वर्षीय बच्ची को काट लिया। इससे उसके पैर से खून आने लगा। बालिका तनु जो बरईपार से किसी काम पर शहर में आई थी को लेकर आसपास के लोग अस्पताल पहुंचे। वहां पहले से ही ग्रामीण इलाकों में इस कुत्ते के शिकार आठ से 10 की संख्या में लोग इलाज करा रहे थे। चिकित्सक घायलों की मरहम पट्टी कर तत्काल रैबीज इंजेक्शन लगाए और दवा देकर अगली तिथि पर पुनः रैबीज इंजेक्शन लगाने का कार्ड देकर घर भिजवाए।
सभी लोगों का इलाज भाटपाररानी अस्पताल पर कराया गया तथा एंटी रैबीज सुई लगाई गई। इसमें तनु, साजदा खातून, विनोद कुमार, अर्जुन, स्वामीनाथ, रोहित गुप्ता आदि शामिल रहे। इसके अलावा बरईपार, फुलवरिया के भी लोगों को कुत्ते ने काटा था। प्रभारी डॉ. मो. सिद्दीकी ने बताया कि सभी की मरहम-पट्टी कर एंटी रैबीज इंजेक्शन लगा दिया गया है। सभी पीड़ितों को अगली तिथि को इंजेक्शन के लिए बुलाया गया है।