देवरिया के लार में गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने चुनावी जनसभा को संबोधित किया।
- फोटो : अमर उजाला
लार (देवरिया)। गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने विपक्ष की ओर से प्रधानमंत्री को दुर्योधन और औरंगजेब की संज्ञा देने पर कड़ा प्रतिरोध किया है। विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि सत्ता के लालच में विपक्ष पूरे राष्ट्र का अपमान कर रहा है। विरोध विकास और पार्टी नीतियों का होना चाहिए। प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति व्यक्ति नहीं, संस्था होता है। उनका अपमान पूरे देश का अपमान है। उन्होंने प्रियंका के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि 55 वर्षों तक देश पर शासन करने वाली कांग्रेस सिर्फ वोटकटवा बनकर रह गई है।
लार के रमावती धर्मनाथ सिंह इंटर कॉलेज में सलेमपुर लोकसभा क्षेत्र की चुनावी सभा में राजनाथ ने लोगों से भोजपुरी में संवाद किया तो आतंकवाद के जरिए विपक्ष पर कड़े हमले भी बोले। पुलवामा हमले का जिक्र करते हुए कहा कि देश की सेना ने पाकिस्तान में घुसकर आतंकियों को मार कर अपने शौर्य का परिचय दिया, मगर कुछ लोग मरने वाले आतंकियों की संख्या पूछ रहे हैं। बहादुर लोग दुश्मन की लाशें नहीं गिनते, यह काम गिद्धों का है। हम भारत मां के मस्तक को झुकने नहीं देंगे। दुनिया में किसी को छेड़ेंगे नहीं, लेकिन कोई छेड़ेगा तो उसे छोड़ेंगे भी नहीं। केंद्र सरकार के पांच साल की उपलब्धियां गिनाते हुए पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार से तुलना की। कहा कि कांग्रेस ने गरीबी हटाओं का नारा देकर देश पर 55 वर्षों तक हुकूमत किया, लेकिन गरीबी नहीं हटी। 55 वर्षों में उन्होंने 25 लाख प्रधानमंत्री आवास बनवाया था, जबकि मोदी सरकार ने चार वर्षों में 1.30 करोड़ लोगों को आवास दिया। भाजपा सरकार जनता के सेवक के रुप में कार्य कर रही है। जनता ही हमारी ताकत है। कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी कहते हैं कि देशद्रोह का कानून खत्म करेंगे, हम कहते हैं कि हमारी सरकार बनेगी तो इस कानून को इतना सख्त बनाएंगे कि देशद्रोहियों का कानून का नाम सुनने से कलेजा कांप जाएगा। सपा, बसपा की सरकारों को आपने ने देखा। भाजपा की भी सरकार उत्तर प्रदेश में रही है और इस समय भी है। विकास कार्यों की गति भले ही धीमी रही हो, लेकिन किसी मुख्यमंत्री के दामन पर भ्रष्टाचार का दाग नहीं लगा। महागठबंधन और कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि मोदी की आंधी में तिनके की तरह यह पार्टियां उड़ जाएंगी। उन्होंने पार्टी उम्मीदवार रवींद्र कुशवाहा को जीत दिलाने का आह्वान किया।