सदर सीट पर 29 उम्मीदवारों ने ठोंकी ताल
अंतिम दिन 14 प्रत्याशियों ने भरा पर्चा
कोई बैलगाड़ी से पहुंचा तो किसी ने पैदल आकर किया नामांकन
भाजपा, बसपा, कांग्रेस समेत 15 उम्मीदवारों ने पहले ही जमा किया था फॉर्म
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। सातवें चरण में होने वाले मतदान के लिए नामांकन के अंतिम दिन सदर सीट पर 14 उम्मीदवारों ने पर्चा भरा। समर्थकों के साथ जुलूस में पहुंचे प्रत्याशियों ने क्रमवार कलेक्ट्रेट स्थित डीएम न्यायालय कक्ष में पहुंचकर जिला निर्वाचन अधिकारी अमित किशोर को नामांकन पत्र सौंपा। अंतिम दिन के बाद सदर सीट पर कुल 29 उम्मीदवारों के नामांकन हो चुके हैं। अभी नामांकन पत्रों की जांच नाम वापसी की प्रक्रिया शेष है।
22 अप्रैल से शुरू हुई नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन ज्यादातर निर्दल व क्षेत्रीय दल के उम्मीदवारों के नामांकन को लेकर सुरक्षा बल मुस्तैद रहे। सुबह 11 बजने के साथ ही उनके पहुंचने का क्रम शुरू हो गया। कोई बैलगाड़ी पर जुलूस लेकर पहुंचा तो कोई पैदल या वाहन पर रोड शो करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचा। गेट पर प्रत्याशी और उसके साथ दस-दस प्रस्तावकों को अंदर जाने की अनुमति मिली। दिन में तीन बजे तक कुल 14 उम्मीदवारों ने पर्चा दाखिला किया था। इसमें मनुवादी पार्टी से मनोज मिश्र, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी से जितेंद्र, भारतीय शक्ति चेतना पार्टी से पवहारी, भारतीय आवाम एकता पार्टी से इसरार अहमद, लोकप्रिय समाज पार्टी से नथुनी, अखिल भारतीय गोंडवाना पार्टी से गोरख प्रसाद, पीस पार्टी से बिरजा, भारतीय सोशियो पार्टी से बलिराम प्रजापति, राष्ट्रीय सर्वजन विकास पार्टी से सद्दाम हुसैन, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी से राजनारायण गोंड, निर्दल के रुप में ब्रजेंद्र मणि त्रिपाठी, रामअशीष राय, शारदानंद, आलोक शामिल रहे। कुल उम्मीदवारों की संख्या 29 हो गई है। इससे पहले बसपा से विनोद जायसवाल, भाजपा से रमापति राम त्रिपाठी, कांग्रेस से नियाज अहमद, मोडरेट पार्टी से राजू, प्रसपा से विनय सिंह अमेठिया, समाजवादी समाज पार्टी से ओंकार सिंह, राष्ट्रीय विकलांग पार्टी से अगस्त्य कुमार, हिंदुस्तान जनमोर्चा से विजय शंकर सिंह कौशिक, राष्ट्रीय उलेमा कौंसिल से चंदन यादव, भारतीय सर्वजन पार्टी से गोविंद, सत्य बहुमत पार्टी से अर्जुन किशोर शाही, हिंदुस्तान निर्माण दल से अवनीश मिश्र, सीपीआई माले रेड स्टार से चतुरानन ओझा, राष्ट्रीय समाज पार्टी से मनोज कुमार और डॉ. जितेंद्र पांडेय ने निर्दल नामांकन किया था।
तो हर बूथ पर लगेंगे दो ईवीएम
नामांकन की प्रक्रिया के बाद सदर सीट पर उम्मीदवारों की संख्या 29 हो गई है। अगर सभी प्रत्याशी मैदान में बरकरार रहे तो जिला प्रशासन को मतदान के लिए हर बूथ पर दो-दो ईवीएम लगवाने होंगे। एक ईवीएम में 15 उम्मीदवारों का ही नाम हो सकता है। एक अन्य नाम नोटा के लिए होता है। दो ईवीएम से ही सभी उम्मीदवारों के नाम शामिल हो पाएंगे। हालांकि अभी नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी का कार्य शेष है। प्रत्याशियों की सही तस्वीर इसके बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।