ठाकुर भद्रसेन ने जलाई थी शिक्षा की अलख
रोहन छपरा में मनाई गई ठाकुर भद्रसेन सिंह की आठवीं पुण्यतिथि
अमर उजाला ब्यूरो
लार। ठाकुर भद्रसेन सिंह की आठवीं पुण्यतिथि रविवार को रोपन छपरा गांव में समारोह पूर्वक मनाई गई। उनके व्यक्तित्व-कृतित्व पर चर्चा करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किया गया। इस दौरान समारोह में विभिन्न प्रतियोगिता में विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
बतौर मुख्य अतिथि सलेमपुर सांसद रवींद्र कुशवाहा ने कहा कि भद्रसेन सिंह एक नेक इंसान के साथ निष्ठावान शिक्षक थे। आजीवन उन्होंने अनुशासन का पालन किया और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करते रहे। इसी सोच के साथ उन्होंने इस सुदूर इलाके में शिक्षा की ज्योति जलाते हुए विद्यालय की नींव रखी। उनके प्रयासों की ही देन है कि आज इस इलाके के छात्रों ने अपनी प्रतिभा का लोहा देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी मनवाया है। जौनपुर के पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने कहा की बाबूजी अपने कर्तव्यों के प्रति सदैव याद किए जाएंगे। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता शलभ मणि त्रिपाठी ने छात्र-छात्राओं को निरंतर अपने लक्ष्य के प्रति अग्रसित रहने का मंत्र दिया। इसके पूर्व एमएसडी इंटर कॉलेज की छात्रा श्रेया बरनवाल ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। पूर्व संध्या पर हुई गायन वर्ग में प्रथम स्थान रही श्रेया बरनवाल, वाद-विवाद में ऋतिका तिवारी, शशि प्रभा, हरिओम नाथ तिवारी, साक्षी मिश्रा, विज्ञान प्रदर्शनी के जूनियर वर्ग में वीरू यादव, आयुष पाल, नंदिनी साहनी, सीनियर वर्ग में प्रांजल मिश्र, अर्चना विश्वकर्मा को पुरस्कृत किया गया। इस दौरान पूर्व राज्यमंत्री हरिपाल सिंह जग्गी, राम सिंह राणा, सदर विधायक जन्मेजय सिंह, छेदी लाल यादव, डॉ. ध्रुवसेन सिंह, डॉ. चंद्रसेन सिंह, सविता रानी सिंह, हिमांशु सेन सिंह आदि उपस्थित रहे।
नहीं आए डिप्टी सीएम, मायूस रहे लोग
रोहन छपरा में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को आना था। उनके आगमन की पूरी तैयारियां भी थीं। सुबह से ही पुलिस-प्रशासन के अफसर कार्यक्रम स्थल पर डटे रहे। दोपहर में अचानक अपरिहार्य कारणों से उनका कार्यक्रम रद्द होने की सूचना पहुंची। घंटों इंतजार के बाद लोग मायूस होकर लौट गए।