मझौलीराज। कोचिंग सेंटर से घर जा रही एक छात्रा के साथ बस में युवक ने छेड़छाड़ की। विरोध करने पर छात्रा की पिटाई कर मनबढ़ ने उसका बैग गंडक नदी में फेंक कर भाग गया। मझौलीराज चौकी पहुंची छात्रा ने आपबीती बताई। दो दिन बाद भी पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की है।
मझौलीराज नगर के एक मोहल्ले की रहने वाली इंटर की छात्रा सलेमपुर नगर के हरैया में कोचिंग करती है। बुधवार सुबह कोचिंग पढ़ने के बाद प्राइवेट बस से घर जा रही थी। बस में मोहल्ले का एक युवक मौजूद था। चलती बस में छात्रा के साथ छेड़छाड़ करने लगा। उसने विरोध किया तो वह थप्पड़ जड़ दिया और नदवार पुल से उसका बैग गंडक नदी में फेंक दिया। युवक की यह करतूत देख बस में सवार लोग दंग रह गए। बीच में बस से युवक उतर गया। मझौलीराज चौकी पर पहुंची छात्रा ने पुलिस से शिकायत की। बस में सवार यात्रियों ने युवक की करतूत बताई। छात्रा का आरोप है कि एक साल से युवक परेशान कर रहा है। कोतवाल विजय सिंह गौर ने बताया कि ऐसी कोई जानकारी नहीं है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
चोरी के मामले में नहीं दर्ज हो रहा केस
सलेमपुर। कोतवाली क्षेत्र के सिसवा पांडेय गांव निवासी कोमल यादव की महदहा चौराहे पर दुकान है। उसकी गाय 19 सितंबर की रात चोरी हो गई। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की, लेकिन अभी तक केस दर्ज नहीं हो सका। इसके अलावा मझौलीराज नगर के प्रमोद यादव और नगर के सुगही वार्ड निवासी रामजी सिंह की गाय चोरी हो चुकी है। पशु पालकों में मवेशियों की सुरक्षा को लेकर भय बना हुआ है। एक भी मामले में कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई नहीं की है।