101 लोगों की पॉजिटिव आई रिपोर्ट, एक की मौत
देवरिया। कोरोना संक्रमितों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। शनिवार को 101 लोगों की पॉजिटिव रिपोर्ट आई है। इसमें लोकनिर्माण विभाग के कर्मचारी और पुलिस कर्मी शामिल हैं। एक संक्रमित की मौत हो गई। संक्रमितों की संख्या 5010 हो गई है, जबकि कोरोना से अब 53 लोगों की मौत हो चुकी है।
लोकनिर्माण विभाग में कार्यरत मेठ और चपरासी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके पूर्व दो मेठ पॉजिटिव मिल चुके हैं। दो पुलिसकर्मियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। संपर्क में रहने वाले पुलिसकर्मियों और लोक निर्माण विभाग के कर्मचारियों को कोरोना जांच के निर्देश दिए गए हैं। न्यू कालोनी के पांच लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। रेलवे स्टेशन रोड के एक, एकौना के एक, भलुअनी के एक, रामपुर कारखाना के एक, सरियाव बुजुर्ग के एक, जीवन मार्ग स्कूल में एक, लक्ष्मीपुर में एक, पकड़ी बाबू में एक, महुआबारी में चार, समोगर में एक, गौरीबाजार में एक लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। देवरिया के रहने वाले एक कोरोना संक्रमित की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। जिले में कोरोना से मरने वालों की संख्या 53 हो गई है। सीएमओ डॉ. आलोक पांडेय ने लखनऊ में इलाज के दौरान एक और संक्रमित की मौत हुई है। संक्रमितों को समुचित इलाज की व्यवस्था की जा रही है।
वेबसाइट पर दिखेगी कोविड-19 की जांच रिपोर्ट
कोरोना जांच रिपोर्ट के लिए लोगों को अब सीएमओ कार्यालय और सीएचसी का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से शनिवार को वेबसाइट deoria.nic.in जारी किया गया। इस वेबसाइट पर कोविड-19 की जांच कराने वाले लोग कही से भी अपनी रिपोर्ट ऑनलाइन देख सकते हैं। सीएमओ डॉ. आलोक पांडेय ने बताया कि संक्रमित जांच कराने के बाद रिपोर्ट जानने के लिए परेशान होते थे। इसलिए वेबसाइट जारी किया गया है।