हादसों में एक की मौत, दो घायल
पहली घटना भाटपार-मझौली और दूसरी भाटपार-भिंगारी मार्ग पर हुई
संवाद न्यूज एजेंसी
भाटपाररानी। रविवार की रात दो अलग-अलग मार्ग दुर्घटनाओं में दो लोग घायल हो गए, जबकि एक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घायलों को पीएचसी पर प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पहली घटना भाटपार रानी थाना अंतर्गत भाटपाररानी-मझौली मार्ग पर छोटका गांव के पास हुई। बनकटा थाना के सोहनपुर ग्राम निवासी चंद्रशेखर (40) पुत्र रामधनी सलेमपुर से भाटपार रानी वार्ड नंबर पांच रामपुर लिटिहा अपनी ससुराल बाइक से आ रहे थे। रास्ते में छोटका गांव के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। आसपास के लोग भाटपाररानी अस्पताल लाए जहां चिकित्सक ने भी मौत की घोषणा कर दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई में जुट गई। दूसरी घटना भाटपाररानी-भिंगारी मार्ग पर खामपार थाने के पास हुई। सामने से आ रहे तेज गति के वाहन को देखकर बाइक सवार संदीप की बाइक गड्ढे में चली गई। इसमें खामपार के बाजार टोला निवासी संदीप और पीछे बैठे मुस्तकीम गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोग दोनों को पीएचसी लाए। जहां से सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। सीओ पंचम लाल ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस ने दुर्घटना में मृत व्यक्ति के शव को कब्जे में ले लिया। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।