बखरी-परसिया छितनी सिंह मुख्य मार्ग पर टड़वा मोड़ के पास हुई घटना
फोटो
बहन के घर जाने से पूर्व भाटपार रानी में एटीएम से पैसा निकालने की बनाई योजना
संवाद न्यूज एजेंसी
भाटपाररानी। खामपार थाना क्षेत्र के परसिया छितनी सिंह-बखरी मुख्य मार्ग पर टड़वा मोड़ के पास शनिवार की दोपहर में बाइक सड़क के किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में एक ही बाइक पर सवार चार युवकों में से एक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, तीनों घायलों को बनकटा पीएचसी और वहां से मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। चारों युवक हेलमेट नहीं लगाए थे।
श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर निवासी चार युवक शनिवार की दोपहर में एक ही बाइक पर सवार होकर परसिया छितनी के लिए निकले। बाइक बच्चा चौहान का पुत्र बृजलाल चौहान चला रहा था। वह गांव के ही तीन युवकों के साथ परसिया छितनी अपनी बहन के यहां जा रहा था। रास्ते में उसने बहन के घर जाने से पूर्व भाटपार रानी जाने का प्लान बनाया, उसे एटीएम से पैसा निकालना था। अभी वह खामपार थाना क्षेत्र के परसिया छितनी सिंह से बखरी जाने वाले मुख्य मार्ग पर टड़वा मोड़ के पास पहुंचे थे कि बाइक अनियंत्रित हो गई। बृजलाल चौहान ने बाइक संभालने का प्रयास किया, लेकिन बाइक पेड़ से जा टकराई।
टक्कर इतनी तेज थी कि उसकी आवाज दूर तक सुनाई दी। बाइक चला रहे बृजलाल (28) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक पर सवार मुकुंदपुर के ही रितेश चौबे (17) पुत्र बलिराम चौबे, पंकज चौबे (25) पुत्र सुगन्ध चौबे, शनि चौबे (13) पुत्र देवेन्द्र चौबे गंभीर रूप से घायल हो गए।
आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष खामपार महेंद्र चतुर्वेदी ने घायलों को इलाज के लिए बनकटा पीएचसी भिजवाया, जहां से तीनों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि सड़क हादसे में में एक युवक की मौत हुई है। तीन युवक गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को अस्पताल भेज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।