सुनसान स्थल देखकर युवकों ने युवतियों पर फेंका ज्वलनशील पदार्थ
जिस अस्पताल में कार्यरत रही, वहीं हुआ प्राथमिक उपचार
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया/गौरीबाजार। घर से अपनी सहेली के साथ गौरी बाजार के लिए निकली युवती पर दिनदहाड़े बाइक सवार दो युवकों द्वारा ज्वलनशील पदार्थ फेंके जाने की सूचना पर खलबली मच गई। लोगों में घटना की चर्चा होने लगी। सूचना मिलते ही पुलिस ने झुलसी युवतियों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। वहीं, बाइक सवार युवकों की भी सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी गई है।
गौरी बाजार से सटे गांव निवासी एक 22 वर्षीय युवती एक निजी अस्पताल में कार्य करने के लिए लगभग 11 बजे घर से निकली। उसके साथ उसकी सहेली भी थी। दोनों अलग-अलग साइकिल से एक साथ गांव से 500 मीटर दूर पहुंची थीं कि बाइक से पीछे से आए अज्ञात दो युवकों ने एक युवती को टारगेट करते हुए उसके ऊपर ज्वलनशील पदार्थ फेंक दिया। जो उसके चेहरे पर व कंधे पर पड़ा। दूसरी युवती ने बचाव किया और अपने चेहरे को दुपट्टे से ढक लिया। इससे उसका चेहरा तो बच गया। बांह झुलस गई।
निर्जन स्थान होने के कारण घटना को अंजाम देकर युवक हाटा की तरफ तेजी से निकल गए। आसपास से कुछ लोग घटनास्थल पर पहुंचे और झुलसीं दोनों युवतियों को उसी अस्पताल में इलाज के लिए ले गए, जहां वे कार्यरत हैं। घटना की सूचना मिलते ही गौरी बाजार थानाध्यक्ष दिनेश मिश्र व क्षेत्राधिकारी अंशुमान श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे और जांच में जुट गए।
पुलिस अधीक्षक डाॅ. संकल्प शर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार के बाद घायल युवतियों को स्वयं अपनी देखरेख में इलाज के लिए अस्पताल भेजवाया।
घटना की भनक लगते ही पीड़ित युवतियों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। पीड़ित युवती के पिता ने बताया कि उनकी पुत्री के साथ एक माह पूर्व भी उसी स्थान पर छीना-झपटी हुई थी। इसमें उसका पर्स व मोबाइल भी गायब हो गया था। उन्होंने घटना में शामिल युवकों को शीघ्र गिरफ्तार करते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की।
युवतियों पर ज्वलनशील पदार्थ फेंकने की घटना क्षेत्र में तेजी से फैल गई। लोग अपने-अपने स्तर से कयास लगाने लगे।
प्रभारी निरीक्षक डीके मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित
दो युवतियों पर ज्वलनशील पदार्थ फेंकने के मामले में पुलिस अधीक्षक देवरिया डाॅ. संकल्प शर्मा ने इसके खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमों का गठन किया है। गौर बाजार थानाध्यक्ष दिनेश मिश्र, एसओजी देवरिया सहित तीन टीमों का गठन किया है। सूत्रों की मानें तो पुलिस ने युवकों को चिह्नित कर लिया है। शीघ्र ही घटना का खुलासा हो सकता है।
विवाद में सराफा व्यवसायी ने फेंका था ज्वलनशील पदार्थ, मां-बेटे समेत चार झुलसे थे
भटनी। रुपये के लेनदेन में भटनी के खोरीबारी चौराहे पर मई 2016 को एक सराफा व्यवसायी ने मां-बेटे समेत चार पर ज्वलनशील पदार्थ फेंक दिया था। मामले में पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने सराफा व्यवसायी पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर न्यायालय में प्रस्तुत करते हुए जेल भेज दिया था। मामला अभी न्यायालय में विचाराधीन है। करीब आठ साल बीत जाने के बाद भी जब घटना की याद आती है तो पीड़ित परिवार सहम जाता है।
भटनी निवासी वीरेंद्र वर्मा की खोरीबारी चौराहे पर सराफा की दुकान थी। उसकी दुकान पर रामपुर के टोला पोखरापार निवासी रामनक्षत्र यादव की पत्नी गुचकी देवी द्वारा कुछ सामान बंधक रखा गया था। सामान छुड़ाने के लिए गुचकी देवी बेटों के साथ वीरेंद्र की दुकान पर पहुंची थीं। सराफा व्यवसायी से हिसाब को लेकर विवाद हो गया और कहासुनी होने लगी। सराफा व्यवसायी ने गुचकी देवी के ऊपर तेजाब फेंक दिया। तेजाब गुचकी देवी के अलावा उसके बेटे अर्जुन, धर्मराज तथा पड़ोस में बैठे सैलून दुकानदार उमेश निवासी डेमुसा के ऊपर भी पड़ गया। सभी का इलाज जिला अस्पताल में कराया गया था।