उत्तर प्रदेश के बिजनौर में पिता के प्रेम-प्रसंग से क्षुब्ध पुत्री ने जहर खाकर जान दे दी। परिजनों ने आनन फानन में उसके शव का अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस ने मामले से अनभिज्ञता जताई है।
थाना क्षेत्र के एक गांव के व्यक्ति का अपने ही गांव की दूसरी बिरादरी की महिला से अवैध प्रेम संबंध चल रहा था। इसका विरोध होने पर महिला ने चार दिन पूर्व जहर का सेवन कर लिया था, लेकिन उपचार के दौरान उसको बचा लिया गया था।
इसके बाद जब यह प्रेम संबंध सभी की जानकारी में आया तो इस व्यक्ति की जवान पुत्री ने अपने पिता को खरीखोटी सुनाते हुए इसका विरोध किया।
काफी विवाद के बाद भी जब उसका पिता अपनी प्रेमिका के ही पक्ष में दिखाई दिया तो इससे क्षुब्ध होकर युवती ने बीती रात जहर का सेवन कर लिया।
कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। परिजनों ने आनन-फानन में गांव के ही श्मशान में उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
यह प्रकरण क्षेत्र में चर्चा का विषय बना है। उधर, थाना प्रभारी घनेंद्र यादव ने मामले की जानकारी से इंकार किया है।