चित्रकूट। जिला पंचायत की बोर्ड बैठक हुई। इसमें ट्रैफिक चौराहे से सुलभ शौचालय तक हाईवे के किनारे की जमीन पर दुकान और कॉप्लेक्स बनाने का प्रस्ताव पारित किया गया। इसके अलावा जिले के विकास कार्यों के लिए 13.48 करोड़ का बजट स्वीकृत किया गया। बैठक में मऊ क्षेत्र के बाढ़ से क्षतिग्रस्त बियाव मार्ग का मुद्दा भी उठा। मार्ग न बनवाने पर नाराजगी जताई गई।
जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव ने कहा कि जिला मुख्यालय के ट्रैफिक चौराहा से बस स्टैंड स्थित सुलभ शौचालय तक झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग के लोनिवि वाले छोर की जमीन जिला पंचायत की है। वर्ष 2005 में जमीन को फ्री होल्ड कराने के लिए लगभग 9.50 लाख रुपये की धनराशि भी जिला पंचायत ने जमा करा दी है। ट्रैफिक चौराहे का सुंदरीकरण हो रहा है तो जिला पंचायत भी अपनी जमीन पर दुकानें और कॉप्लेक्स बनाकर मुख्य मार्ग के सुंदरीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
जिला पंचायत शेष बची धनराशि जमाकर जमीन का बैनामा कराएगी। बैठक में इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया गया। इसके अलावा जिले के विकास के लिए वित्तीय वर्ष 2022-23 में 13.48 करोड़ का बजट स्वीकृत किया गया। साथ ही 21 विभागों की समीक्षा की गई।
बैठक में अपर मुख्य अधिकारी भगत सिंह ने जिला पंचायत के विभिन्न कार्यों की जानकारी दी। मानिकपुर ब्लाक प्रमुख अरविंद मिश्रा, पहाड़ी ब्लाक प्रमुख सुशील द्विवेदी, रामनगर ब्लाक प्रमुख गंगाधर मिश्रा, जिला पंचायत सदस्य शिवशंकर सिंह, अनीता सिंह बघेल, उमाकांत त्रिपाठी समेत नागेश द्विवेदी, इंद्रपाल सिंह, अंकित तिवारी आदि मौजूद रहे।