चित्रकूट। रैपुरा थाना क्षेत्र के बसिघा गांव में पुताई करते समय करंट की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। वह बिहार के एक एनजीओ में काम करता था और कुछ दिन पहले ही घर आया था।
बसिघा गांव निवासी पुनीत श्रीवास्तव (35) पुत्र राजनारायण श्रीवास्तव बुधवार सुबह अपने घर की सफाई करने के बाद पुताई कर रहा था। तभी घर में लगी एक केबिल उसके छू गई, जो कटी थी केबिल छूते ही करंट लगने से वह बेहोश होकर गिर पड़ा।
परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से पिता राजनारायण व माता ललिता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
भाई अनिल श्रीवास्तव ने बताया कि पुनीत की शादी नहीं हुई थी। वह पांच भाई और दो बहनों में सबसे छोटा था। वह कुछ दिन पहले ही बिहार से छुट्टी पर घर आया था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।