फोटो 29- दिनेश तिवारी फाइल फोटो
- खाना खाकर लेटा था, अचानक उठा और रखा हाथ
संवाद न्यूज एजेंसी
अतर्रा (बांदा)। चौसड़ गांव में शनिवार की रात कूलर में उतर रहे करंट से युवक की मौत हो गई। हादसे के दौरान उसने कूलर पर अपना हाथ रखा था और झुलसकर गिर गया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बिसंडा के गांव चौंसड़ निवासी दिनेश तिवारी (35) बाइक मैकेनिक था और गांव में ही गैराज खोले हुए था। शनिवार की रात वह गैराज से घर आया और खाना खाने के बाद कमरे में सोने के लिए पहुंच गया। उसने कूलर चालू किया और उसके सामने लेट गया। कुछ देर बाद वह उठा और कूलर के ऊपर अपना हाथ रख दिया। कूलर में करंट आ रहा था और वह करंट लगने से झुलसकर गिर गया।
परिजन उसे सीएचसी ले गए। अस्पताल में डाॅक्टर ने मृत घोषित कर दिया। छोटे भाई छोट्टन ने बताया कि पांच दिनेश पांच भाई व एक बहन हैं। दिनेश को एक चार साल का बेटा अनिकेत है। उसके पास करीब तीन बीघे खेत रहे हैं और वह बाइक मैकेनिक के साथ-साथ खेती भी देखता था। हादसे से मां शिवदेवी व पत्नी ज्योति आदि का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। प्रभारी निरीक्षक बिसंडा सीपी तिवारी ने बताया कि करंट की चपेट से युवक की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।