मऊ (चित्रकूट)। थाना क्षेत्र के मंडौर गांव में एक युवक को सांप ने डस लिया। डॉक्टरों ने जिला अस्पताल से प्रयागराज रेफर किया था लेकिन पहुंचने के पहले ही युवक की मौत हो गई। रक्षाबंधन पर बहनों से भाई दूर हो गया।
मंडौर निवासी संदीप निषाद (23) को घर के अंदर सांप ने डस लिया। परिजन पहले झाड़-फूंक के लिए लेकर गए। जब काफी देर तक हालत में सुधार नहीं हुआ तो सीएचसी लेकर पहुंचे। जहां से रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल से भी रेफर कर दिया गया। प्रयागराज के स्वरूप रानी अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने संदीप को मृत घोषित कर दिया।
मृतक के दो भाई व तीन बहन हैं। बहनें यह कह कर रो रही थी कि भाई को राखी नहीं बांध सकीं। थाना प्रभारी श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि परिजनों ने सांप के डसने से मौत की जानकारी दी है।