चित्रकूट। सदर कोतवाली के खोह गांव में दोपहर घर में सो रही युवती के ऊपर पंखे का तार टूटकर गिर गया, जिससे करंट की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घरवालों ने अंतिम संस्कार कर दिया।
खोह निवासी मिथलेश चंद्र पांडेय रोजी-रोटी के सिलसिले में मध्य प्रदेश गए हुए थे। घर पर पत्नी कुसमा देवी, बेटी अंतिमा और बेटा दर्पण थे। दोपहर के समय मां-बेटी एक ही लोहे की चारपाई पर सो रही थीं।
कुछ देर बाद कुसमा देवी पड़ोस में किसी काम से चली गईं। इसी दौरान छत पर लगे पंखे की बिजली की तार अचानक टूटकर अंतिमा के ऊपर गिर गई। लोहे की चारपाई होने के कारण पूरे बिस्तर में करंट फैल गया और अंतिमा उसकी चपेट में आ गई। वह चीख भी नहीं सकी।
करीब आधा घंटा बाद जब मां वापस आई तो बेटी को तार के साथ अचेत पड़ा देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने शोर मचाया तो आसपास के लोग जमा हो गए। परिजन उसे तुरंत जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतका दो बहनें प्रतिमा, गौरी और भाई दर्पण में सबसे बड़ी थी।
सदर कोतवाल अभयराज सिंह ने बताया कि परिजनों ने पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया और शव का अंतिम संस्कार कर दिया।