हाईवे पर किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। जिसमें बाइक चालक समेत दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरे को इलाहाबाद रेफर किया गया है। परिजनों ने कोतवाली में हादसे की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
भरतकूप चौकी क्षेत्र रौली निवासी संतोष यादव (35) पुत्र जागेश्वर प्रसाद ट्रक चालक था। शनिवार की शाम को वह किसी काम से ट्रक मालिक की बाइक लेकर गांव के ही अमित उर्फ गोलू त्रिपाठी (35) पुत्र संतोष त्रिपाठी के साथ कर्वी गया था। जानकारी के अनुसार वापसी के दौरान जैसे ही बाइक गोंडा मोड़ के पास पहुंची तभी सामने से आए किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक भाग निकला। लोगों की सूचना पर पहुंचे चौकी प्रभारी मो. अकरम ने दोनों घायलाें को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान संतोष की मौत हो गई, जबकि अमित को इलाहाबाद रेफर किया गया है। चौकी प्रभारी ने बताया वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
बाइक चालक संतोष व उसके साथ बैठा अमित ने हेलमेट नहीं पहना था। चौकी प्रभारी मो. अकरम के अनुसार मृतक संतोष के सिर व पैर में गंभीर चोट थी। सिर पर चोट के कारण ही उसकी मौत हुई है, जबकि अमित के चेहरे, हाथ व पीठ में चोट आई है। अगर वह हेलमेट पहने होते तो बचा जा सकता था।
ट्रक चालक संतोष यादव तीन भाई थे। पिता जागेश्वर प्रसाद ने बताया बड़ा पुत्र मुन्ना भी ड्राइवर था। दो साल पहले एक हादसे में उसकी भी मौत हो चुकी है। घटना की जानकारी होते ही मृतक की पत्नी रजइयादेवी व बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।