पत्नी की दवा लेेने गए युवक का कुछ लोगों ने अपहरण कर लिया। उसने मोबाइल से घर पर कुछ लोगों द्वारा उसे मारने पीटने और जबरिया जीप में डालने की सूचना दी। इसके बाद उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। परिजनों ने पुलिस को मामले की सूचना दी है।
पियरिया माफी निवासी बुद्धराज (26) पुत्र रामलखन टेंपो चलाता है। उसकी पत्नी गीता ने बताया कि रविवार को वह उसकी दवा लेने और गाड़ी का रेडिएटर बनवाने के लिए राजापुर गया था। जब देर हो गई तो उसने उसके मोबाइल पर मिसकॉल दी। जब देर तक फोन नहीं आया तो उसने फिर से कॉल की।
गीता ने बताया कि तब उसके पति ने कहा कि कुछ लोग मुझे मारपीट रहे हैं और जबरन जीप में बैठाकर पहाड़ी की ओर ले जा रहे हैं। इसके बाद उसका फोन कट गया। परेशान गीता ने घर के अन्य लोगों को ये बात बताई। घरवालों ने इसके बाद उससे संपर्क करने का प्रयास किया तो उसका मोबाइल स्विच ऑफ बताने लगा। इस पर परेशान परिजन राजापुर थाने पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। उधर, इस संबंध में एसआई शरद पटेल ने बताया कि फिलहाल थाने तो कोई नहीं आया है। फोन से सूचना मिली है। वह घटनास्थल पर जा रहे हैं। वास्तविकता के बारे में बाद में बता सकेंगे।