भरतकूप। निर्माणाधीन आइस प्लांट में छह बदमाशों ने शुक्रवार रात धावा बोल दिया और अंदर सो रहे मजदूरों को बंधक बनाकर लगभग सात लाख का सामान उठा ले गए। प्लांट मालिक ने थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रसिन गांव के मजरा शिवपाल पांडेय का डेरा निवासी संजय पांडेय ने बताया कि वह हाईवे किनारे रसिन मोड़ के पास आइस प्लांट बनवा रहे हैं। प्लांट में मथुरा के करीब आधा दर्जन मजदूर रहकर काम कर रहे हैं। शुक्रवार शाम को तीन मजदूर कानपुर चले गए। जबकि तीन अन्य मजदूर अर्जुन सिंह, महेन्द्र व फूल सिंह प्लांट में बने कोल्ड रूम में सो रहे थे। चौकीदार रामखेलावन बाहर था। तभी रात करीब 12 बजे के बाद छह बदमाशों ने धावा बोल दिया। बदमाशों ने चौकीदार और सो रहे मजदूरों को बंधक बना लिया और तमंचा दिखाते हुए शोर न मचाने की धमकी दी।
बदमाशों ने स्टोर रूम का ताला न टूटने पर कुंडी काट दी और अंदर रखे 16 सीलिंग फैन, 100 डिप लाइट, 10 बंडल तार, चैन कुप्पी, बेल्डिंग मशीन, हैमर, गैस कटर, दो गैस चूल्हा, सिलेंडर व तीन हजार रुपए की नकदी समेत अन्य सामान उठा ले गए। उन्होंने प्लांट में रखे ट्रांसफार्मर से भी कुछ पार्ट्स निकाल लिए। बदमाशों के जाने के बाद चौकीदार व मजदूरों ने किसी तरह रस्सी खोली और उन्हें अवगत कराया। संजय ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। वहीं, थाना प्रभारी प्रवीण सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर वारदात को अंजाम देने वालों का पता लगाया जा रहा है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।