नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार दंपति को टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पति गंभीर रूप से घायल है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने ट्रक चालक को पकड़ लिया है।
जिला न्यायालय में वरिष्ठ लिपिक मंजूलता श्रीवास्तव (52) रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे पति अशोक कुमार के साथ स्कूटी से चित्रकूट से बस स्टैंड स्थित घर लौट रहीं थीं।
बस स्टैंड के पास ही इलाहाबाद की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दंपति नीचे गिर पड़े। ट्रक मंजू को कुचलते हुए निकल गया और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना होते देख भारी भीड़ जमा हो गई। ट्रक चालक राजू पाल निवासी बांधी थाना रैपुरा को शिवरामपुर के पास पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। घायल अशोक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उनके पैर में फ्रैक्चर है और कई जगहों पर चोट आई है।
वहीं मंजूलता की मौत की खबर सुनकर एडीजे द्वितीय अनिल कुमार श्रीवास्तव, सीजेएम अच्छेलाल सरोज, सिविल जज सीनियर डिवीजन कृष्णकुमार, एसीजेएम संजय कुमार यादव, जिला अधिवक्ता संघ अध्यक्ष प्रदीप कुमार त्रिपाठी समेत कई लोग जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया।