चित्रकूट/भौंरी। सदर कोतवाली क्षेत्र के बांधी के सड़क किनारे झाडिय़ों के पास शुक्रवार की सुबह महिला का शव मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने छह घंटे बाद भी उसकी पहचान नहीं करा पाई।
बांधी गांव के पास सड़क किनारे एक खेत के पास साडी ब्लाउज पहने लगभग 26 साल की महिला का शव मिलने की जानकारी ग्रामीणों ने पुलिस को दी। मौके पर कोतवाल गुलाब त्रिपाठी व क्राइम इंस्पेक्टर अजीत पांडेय पहुंंचे। महिला के चेहरे का रंग काला पड़ गया था। उसके दोनों हाथ के पास की कुछ चमड़ी उधडी थी। एक अंगूठे में स्याही का निशान लगा है जैसे किसी कागज में अंगूठा लगवाया गया हो। जानकारी होते ही सैकडों लोग वहां पहुंचे। पुलिस ने कई प्रधान व आसपास के लोगों से महिला की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि दुष्कर्म के बाद महिला की हत्या कर फेंका गया है। कोतवाल गुलाब त्रिपाठी ने बताया कि दुष्कर्म की आशंका तो नहीं लगती है। शेष पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद सही जानकारी होगी। पुलिस पहले उसकी शिनाख्त का प्रयास करा रही है।
जिले में 17 जुलाई को सरैंया मानिकपुर मार्ग पर एक पंप हाउस में अज्ञात महिला का शव मिला था। उसकी अभी तक पहचान नहीं हो पाई। मानिकपुर थाना प्रभारी वीर प्रताप सिंह ने बताया महिला के मौत के कारण की सही जानकारी नहीं हुई है। बिसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेजा गया है। इसी प्रकार राजापुर थाना क्षेत्र के रगौली के यमुना घाट किनारे गुरुवार को अज्ञात महिला का शव मिला है। इसकी भी दो दिन बाद तक पहचान नहीं हो सकी है। अब बांधी के पास अज्ञात महिला का शव मिला है। तीनों में एक समानता है कि इनकी उम्र 25 से 30 के बीच है। आशंका जताई जा रही है कि जिले के पड़ोसी जिले के क्षेत्रों से हत्या कर महिलाओं को चित्रकूट जिले की सीमा क्षेत्र पर फेंका जा रहा है। कई बार ऐसी घटनाओं का खुलासा हो चुका है।