चित्रकूट। महिला ने घर में तमंचे से खुद को गोली मार ली। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शहर कोतवाल समेत डॉग स्क्वायड और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की टीम ने घटनास्थल की जांच की।
सदर कोतवाली के शंकर बाजार स्थित गोकुलपुरी निवासी हर्ष तिवारी ने बताया कि मां गुड़िया देवी (45) ने सोमवार की दोपहर सूने घर में तमंचे से सिर में गोली मार ली। मौके पर ही मौत हो गई। गोली की आवाज सुनकर घर के बाहर भीड़ एकत्र हो गई। इसकी सूचना मोहल्लेवासियों ने मृतका के पुत्रों और पुलिस को दी। कोतवाल अजीत पांडेय टीम के साथ पहुंचे। फारेंसिक टीम ने आकर जांच की।
गुड़िया के दो पुत्र हैं। जो अहिरनपुरवा के पास ऑटो पार्ट्स की दुकान चलाते हैं। बेटे ने बताया कि पिता सतीशचंद्र तिवारी की तीन वर्ष पहले हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। तब से मां मानसिक रूप से परेशान रहती थीं। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मृतका का परिवार मूल रूप से ऐंचवारा गांव के निवासी है। लगभग दस साल से शंकर बजार में मकान बनाकर रहते हैं। कोतवाल ने बताया कि पुत्रों के चाल चलन से भी महिला खुश नहीं थी। घटना के पीछे अभी और भी कुछ कारण सामने आ सकते हैं। इसकी पूछताछ की जा रही है।