फोटो- 7- पहाड़ी राजापुर मार्ग पर जाम लगने से खडे वाहनों की लगी लंबी कतार
- फोटो : CHITRAKUTT
पहाड़ी(चित्रकूट)। राजापुर पहाड़ी मार्ग के पहाड़ी थाना अंतर्गत प्रसिद्धपुर गांव में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौके पर मौत हो गई। वहीं, बाइक चालक मृतका का भतीजा बाल-बाल बच गया। घटना से नाराज ग्रामीणों ने शव रास्ते पर रखकर जाम लगा दिया। पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाया। उधर, जानकारी होते ही पुलिस ने ट्रक को चालक सहित पकड़ लिया है।
राजापुर थाना क्षेत्र की मगराई गांव की विमला (25) पत्नी सखेंद्र सिंह अपने भतीजे संदीप कुमार के साथ कलवारा गांव आई थी। बुधवार को बाइक से अपने मायके फतेहपुर के अजरौली पल्वा धाता जा रही थी। वह प्रसिद्धपुर गांव के पास पहुंचे तो कर्वी से कौशांबी की ओर जा रहे टमाटर लदे ट्रक ने टक्कर मार दी। ट्रक महिला को रौंदते हुए निकल गया। घटना से नाराज ग्रामीणों ने जाम लगा कर नारेबाजी की। सूचना पाकर पहुंचे पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने ग्रामीणों को समझाया। थानाध्यक्ष पहाड़ी सुशील चंद्र शर्मा ने भीड़ को समझाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। करीब एक घंटे तक लगे जाम से आवागमन प्रभावित रहा। तब जाकर जाम खुला। ग्रामीणों ने ब्रेकर बनवाने व आरोपी को जेल भेजने की मांग की। वहीं, घटना की जानकारी होते ही राजापुर से पहले ही चालक को ट्रक समेत पकड़ लिया गया।