चित्रकूट। रैपुरा थाना क्षेत्र के बोड़ी पोखरी-राजापुर मार्ग पर खेत से पैदल घर जा रही महिला को बाइक सवार ने टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान मौत हो गई। आक्रोशित परिजनों ने आरोप लगाया कि डयूटी पर मौजूद स्टॉफ ने गलत इंजेक्शन लगाया, जिससे मौत हो गई। इसके बाद परिजनों की स्टॉफ से तीखी नोकझोंक हुई।
रैपुरा थाना क्षेत्र के बरहट निवासी सुधा देवी (50) शनिवार की शाम खेत देखकर बोड़ी पोखरी-राजापुर मार्ग से पैदल घर जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे बाइक सवार ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। बाइक सवार को भी हल्की चोटें आईं। आनन-फानन परिजनों ने महिला को एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। रविवार की सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई।
परिजनों ने आरोप लगाया कि इलाज के दौरान स्टाफ नर्स ने सुधा को गलत इंजेक्शन लगा दिया। इसके चलते उनकी मौत हो गई। इसे लेकर स्टॉफ व परिजनों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम को भेजा। परिजनों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के तहरीर देंगे। मृतका का पति राधेश्याम गर्ग गुजरात में एक कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड हैं। उनके तीन लड़कियां और दो लड़के हैं। इस संबंध में अपर एसपी चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि परिजनों से पोस्टमार्टम कराने के बाद रिपोर्ट के आधार पर तहरीर देने के लिए कहा गया है। तहरीर मिलने पर न्यायोचित कार्रवाई होगी।
उधर, सीएमएस डॉ. सुधीर शर्मा ने बताया कि महिला की हालत शुरू से ही गंभीर थी। दुर्घटना में उसके सिर पर चोट थी। उसे रेफर किया जा रहा था, लेकिन परिजन ले जाने के लिए तैयार नहीं हुए। सुबह हालत ज्यादा बिगड़ने लगी तो डॉक्टर की सलाह पर स्टॉफ ने दवा दी थी। अभी तक स्टॉफ की गलती नहीं मिली है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट से ज्यादा स्थिति स्पष्ट होगी। इसके बाद अग्रिम कार्रवाई होगी।