कोतवाली में बैठी पिटी महिला बच्ची देवी व उसकी पुत्रियां।
- फोटो : अमर उजाला
हैंडपंप से पानी लेने गई महिला व उसकी दो बच्चियों की पड़ोसी ने पिटाई कर दी। विरोध करने पर उसे धमकी देकर भगा दिया। कोतवाली क्षेत्र के कोठिलिहाई बैहारपुरवा की बच्ची देवी पत्नी जगन्नाथ ने बताया कि मंगलवार सुबह घर के पास लगे हैंडपंप से पानी लेने गई थी।
वहां खड़े पड़ोसी रज्जू पुत्र रामपाल ने पानी बाद में लेने की बात कह कर भाग जाने को कहा। महिला पानी लेने आगे बढ़ी तो आरोपी ने उसे धक्का दे दिया, जिससे महिला गिर गई। मौके पर मौजूद महिला की पुत्री सपना और मालती ने मां को उठाने का प्रयास किया, तो आरोपी ने लाठी से महिला और उसकी दोनों पुत्रियों की पिटाई कर दी।
आसपास के लोगों ने महिला को बचाया। महिला ने कोतवाली में आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है। कोतवाल रनवीर सिंह ने बताया महिला का मेडिकल कराकर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों को जल्द पकड़ा जाएगा।