अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। कोतवाली पुलिस टीम ने शनिवार की देर शाम को रगौली जेल के पास छापेमारी कर एक प्राइवेट इंटर कालेज परिसर में खड़ी वैन से भारी मात्रा में शराब बरामद किया है। कॉलेज के एक कमरे व वैन से लगभग 1000 पेटी बरामद पंजाब की शराब की कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई गई है। छापेमारी टीम में आबकारी अधिकारी विनोद कुमार आदि भी शामिल रहे।
मुखबिर की सूचना पर कोतवाल अनिल सिंह ने टीम के साथ रगौली जेल के पास डीएम का पुरवा में संचालित एक प्राइवेट इंटर कालेज रगौली परिसर में छापेमारी की। स्कूल भवन के सामने बने कमरों समेत वहां मौजूद स्कूल वैन से शराब बरामद हुई है। मौके पर मौजूद एसआई दिनेश सिंह ने बताया कि स्कूल परिसर के ही कमरे व वैन से एक हजार से अधिक शराब की पेटियां बरामद की जा चुकी हैं। इसकी बाजार में कीमत 20 लाख रुपये से अधिक है। कालेज प्रबंधक को बुलाकर इसकी जानकारी की जा रही है।
इतनी बड़ी मात्रा में शराब बरामदगी से कई सवाल उठ रहे हेैं। संभावना है कि यह शराब पड़ोस के जनपद सतना मप्र में आपूर्ति के लिए तो नहीं रखी गई। इस क्षेत्र में विधानसभा चुनाव चल रहा हैं तो किसी प्रत्याशी ने मतदाताओं को रिझाने के लिए शराब मंगाई हो। कोतवाल ने बताया कि अभी जांच पड़ताल चल रही है। कालेज प्रबंधक आदि को बुलाकर पूछताछ की जा रही है।