पहाड़ी(चित्रकूट)। ब्लाक क्षेत्र के सिकरी सानी गांव की गोशाला में तीन मवेशियों के मरने की सूचना पर सोमवार को मौके पर पहुंचे बीडीओ व पशुविभाग के डाक्टरों ने बताया कि सिर्फ एक मवेशी की मौत हुई है। यह भी कहा कि मृत मवेशी को किसी ग्रामीण ने प्रधान से रंजिशन बाहर से लाकर गोशाला में फेंका था। मृत मवेशियों के कान में गोशाला का टैग होने की बात पर बीडीओ ने कहा कि ऐसी तो जानकारी नहीं है। इसकी पूरी रिपोर्ट तैयार की डीएम कार्यालय को दी जाएगी। इसके अलावा एसडीएम सदर ने बीडीओ के साथ ताम्रबनी गांव की गोशाला का निरीक्षण किया। यहां मवेशियों को ठंड से बचाने के सही उपाय न मिलने पर प्रधान व सचिव को फटकार लगाई।
गौरतलब है कि सिकरीसानी गांव की गोशाला में रविवार को तीन मवेशियों की मौत की जानकारी ग्रामीणों ने दी थी। ग्रामीणों के अनुसार गोशाला में मवेशियों का रखरखाव सही तरीके से नहीं किया जा रहा है। जिससे आए दिन मवेशियाें की मौत हो रही है। सोमवार को गोशाला पहुंचे बीडीओ विपिन सिंह व पशु चिकित्सक डा. वीरेंद्र सिंह ने बीमार मवेशियों का इलाज कराया। बीडीओ ने बताया कि गोशाला में कुछ मवेशी कमजोर मिले हैं। जिनका इलाज कराया गया है। किसी मवेशी की मौत नहीं हुई है। एक मवेशी गोशाला में मृत मिला है जो संभावना है कि किसी ने बाहर से मृत मवेशी को लाकर फेंका है।
इस संबध में पूंछताछ की जा रही है। मृत मवेशी के टैग लगे होने की बात पर कहा कि टैग नहीं लगा था किसी ने भ्रमित करने के लिए सूचना दी है। पूरे मामले की रिपोर्ट जल्द ही डीएम कार्यालय में दी जाएगी। इधर ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मवेशियों की मौत हुई है जानबूझकर प्रधान व सचिव को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। सदर एसडीएम एके पंाडेय ने बताया कि ताम्रबनी गांव की गोशाला का निरीक्षण किया गया है। गोशाला में कई मवेशियों को बीमार अवस्था में देख प्रधान व सचिव को फटकार लगाई गई। ठंड में छाया व मवेशियों को बोरे पहनाने के निर्देश दिए गए हैं।