सरैंया (चित्रकूट)। डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने सीडीओ अमित आसेरी के साथ गुरुवार को पौधरोपण कार्यक्रम का शुभारंभ ग्रामसभा बगरेही वाल्मीकि नदी के किनारे किया। दोनों अधिकारियों ने वाल्मीकि नदी पर घाट एवं आरती स्थल बनाने के लिए भूमि पूजन किया।
डीएम ने कहा कि वाल्मीकि आश्रम के किनारे बनीं सड़कें फिर बनवाई जाएंगी। परिक्रमा मार्ग बनेगा, जिससे यह स्थल सुंदर रमणीक बने। कहा कि वन विभाग, ग्राम प्रधान एक साथ मिलकर रास्ते को बनाएं। उन्होंने कहा कि थर्माकोल के पत्तल का उपयोग कर श्रद्धालु इधर-उधर फेंक देते हैं जो पर्यावरण तथा स्थानीय लोगों के लिए ठीक नहीं है।
यहां पर पत्तों के दोना, पत्तल बनाने की मशीन लगाई जाए। कहा कि यहां पर तेंदू के पत्ते काफी अधिक मात्रा में मिलते हैं, जिससे पर्यावरण को नुकसान नहीं होगा। इससे रोजगार भी मिलेगा। इसके वाल्मीकि नदी की सफाई भी की।
इस दौरान एसडीएम संगमलाल, प्रभागीय वनाधिकारी कैलाश प्रकाश, अधिशासी अभियंता सिंचाई आशुतोष कुमार, डीसीएलआरएम सुदामा प्रसाद, जिला उद्यान अधिकारी डॉ. रमेश कुमार पाठक, पर्यटन अधिकारी शक्ति सिंह, खंड विकास अधिकारी मानिकपुर सुनील सिंह, ग्राम प्रधान बगरेही केदारनाथ यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।