चित्रकूट। मौसम ने बुधवार से अचानक करवट ली है। घने बादलों के छाने और तेज हवाओं के चलने से किसानों की चिंता बढ़ गई हैं। किसानों को डर है कि अगर बारिश तेज हुई तो खेतों में खड़ी रबी की फसल को भारी नुकसान हो सकता है। हालांकि, कृषि वैज्ञानिकों का मानना है कि हल्की बारिश से केवल सरसों और चना की फसलों पर ही असर पड़ने की संभावना है।
जिले में रबी की फसल, जिसमें सरसों, मटर, चना, गेहूं और मसूर की बोआई किसानों ने की है। सरसों की फसल में फूल आ चुके हैं, जबकि चने की फसल में फलियां लगने लगी हैं। ऐसे में अचानक बदले मौसम से किसानों की धड़कन तेज हो गई है। गौतमपुर निवासी किसान राहुल तिवारी ने बताया कि उसने दो बीघा में सरसों की बोआई की है, जिसमें फूल आ गए हैं। बदली के कारण फसल में माहू कीट लगने लगा है। वहीं, शीतलपुर के किसान सुरेश पटेल ने एक बीघा में चना लगाया है, जिसमें फलियां आ गई हैं। वह चिंतित हैं कि अधिक बारिश से फसल खराब हो सकती है।
-
तापमान में गिरावट पर कीटों का खतरा बरकरार :
गनीवां कृषि फार्म के वैज्ञानिक मनोज शर्मा ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से जिले में तापमान अधिक रहा था, जो दोपहर में 27 से 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा था। इससे फसलों की बढ़वार पर असर पड़ रहा था। अब हल्की बारिश से तापमान में कमी आई है, जिससे फसलों को फायदा होगा। हालांकि, बदली के मौसम के कारण सरसों में माहू और चने में इल्ली कीट लगने का खतरा बढ़ गया है, जिससे फसलों को नुकसान हो रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तेज बारिश हुई तो सरसों की फसल को नुकसान हो सकता है। न्यूनतम तापमान 15 डिग्री और अधिकतम 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
खरीफ फसल में 10187 किसानों को मिली नुकसान की क्षतिपूर्ति
कृषि विभाग के उप कृषि निदेशक राजकुमार ने बताया कि जिले में रबी की फसल 115276 हेक्टेयर में लगी है, जिसमें गेहूं 60542 हेक्टेयर, चना 26000 हेक्टेयर, मटर 700 हेक्टेयर, मसूर 5161 हेक्टेयर और सरसों 13755 हेक्टेयर में है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ में 29,611 और रबी में 17,596 किसानों ने बीमा कराया है। खरीफ में अधिक बारिश से प्रभावित 10,187 किसानों में से 6,753 को 62.80 लाख रुपये की क्षतिपूर्ति दी गई थी। उन्होंने आश्वस्त किया कि अभी तक हुई हल्की बारिश से फसलों को कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है।
फोटो न- 28सीकेटीपी 19 बालापुर माफी क्षेत्र के एक खेत में बोई गेहूं फसल। संवाद