राजापुर। थाना राजापुर के ग्राम भदेहदू गांव में हैंडपंप में पानी भरने गई किशोरी को पड़ोसियों ने पीटा। किशोरी को बचाने पहुंची मां को भी आरोपियों ने डंडे से पीटकर अधमरा कर दिया। घायल मां-बेटी ने आरेपियों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
भदेहदू निवासी गुड़िया देवी पत्नी फत्ते ने बताया कि सोमवार को पुत्री घर के बगल में लगे सरकारी हैंडपंप में पानी भरने गई थी। पुत्री को पानी भरते देख दो पड़ोसियों ने पानी भरने से रोका। पुत्री ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसे पीटना शुरू कर दिया।
जब मैं बचाने पहुंची तो दोनो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। घायल गुड़िया ने बताया कि मोबाइल से यूपी 112 डायल करने पर घटना स्थल पर पुलिस पहुंची, लेकिन तब तक हमलावर भाग निकले थे। मंगलवार को घायल मां-बेटी ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई कराने की मांग की है। (संवाद)