चित्रकूट। अपर जिलाधिकारी उमेशचंद्र निगम की अध्यक्षता में धान खरीद की समीक्षा बैठक हुई। जनपद में सबसे कम खरीद करने वाले पीसीएफ संस्था के केंद्र प्रभारियों को विशेष रूप से चिंहित करते हुए उनकी गत वर्ष के सापेक्ष कम खरीद पर गहरी नाराजगी जताई। अनुपस्थित तीन केंद्र प्रभारियों के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस निर्गत करने के निर्देश दिए गए।
मंगलवार को एडीएम सभाकक्ष में बैठक में उन्होने तीन दिन के भीतर खरीद में तेजी लाने की चेतावनी दी। अन्यथा की स्थिति में उनके विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। एडीएम ने बताया कि पिछले वर्ष आज की तिथि तक पीसीएफ के केंद्रों पर 274 मीट्रिक टन खरीद हुई थी, जबकि इस वर्ष मात्र 145 एमटी की खरीद हुई है। सात दिनों में सभी आठ केंद्रों पर मात्र 45 एमटी की खरीद की गई है। ऐंचवारा, खंडेहा और रामनगर ने शून्य खरीद की है। मीटिंग में जिला खाद्य विपणन अधिकारी, जिला प्रबंधक पीसीएफ और सभी केंद्र प्रभारी मौजूद रहे।