चित्रकूट। जिले व मध्य प्रदेश के आसपास लगातार बारिश से पहले ही बाढ़ के हालात हैं। इसी बीच मौसम विभाग ने मंगलवार को भारी बारिश और बिजली गिरने को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम वैज्ञानिक अंकुर त्रिपाठी ने बताया कि एक से तीन सितंबर तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मंगलवार को मूसलाधार बारिश के आसार हैं, साथ ही कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की भी आशंका है। लगातार बारिश और मंदाकिनी के बढ़ते जलस्तर के बीच चेतावनी ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में चिंता बढ़ा दी है।
नदी-नालों के पास रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। मौसम वैज्ञानिक ने अपील की है कि भारी बारिश में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में न जाएं, नदी-नाले और जलभराव वाले स्थानों से दूरी बनाए रखें और बिजली गिरने की आशंका पर खुले मैदान में न रहें। प्रशासन भी बाढ़ क्षेत्रों में निगरानी कर रहा है। (संवाद)