चित्रकूट/बरगढ़। जिले में तीन दिन में 120 लोगों के सैंपल जांच के लिए लखनऊ भेजे गए हैं। जिसमें 28 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। 92 की रिपोर्ट का इंतजार है। सोमवार को 20 और सैंपल भेजे गए हैं। 96 लोगों को क्वारंटीन के बाद घर भेज दिया गया है। डीएम व एसपी ने आधा दर्जन क्वारंटीन सेंटरों निरीक्षण भी किया।
जानकारी के मुताबिक जिले में कोरोना संक्रमण रोकने के लिए जिला प्रशासन सख्ती से पालन करा रहा है। जिसके क्रम में संक्रमण के पीड़ितों की जांच तेजी से की जा रही है। अब स्वास्थ्य विभाग को रिपोर्ट आने का इंतजार है। अभी तक 120 सैंपल में मात्र 28 की रिपोर्ट प्राप्त हुई है। जिलाधिकारी शेषमणि पांडेय तथा पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने सोमवार को जनपद में लागू लाक डाउन व्यवस्था का विभिन्न स्थानों पर भ्रमण कर जायजा लिया है। सीपी सिंह आवासीय विद्यालय तथा गोस्वामी तुलसीदास महाविद्यालय बेड़ी पुलिया में ठहरे लोगों से खाना, पानी, स्वास्थ्य आदि की जानकारी की। डीएम के निर्देश पर 96 लोगों से लिखित लेने के बाद घर भेजा है। कहा गया कि वह घरों पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। मास्क जरूर लगाएं। डीएम व एसपी ने शिवरामपुर, भरतकूप, बेड़ी पुलिया, मऊ, बरगढ़ व मानिकपुर क्षेत्र के अस्थायी होम क्वारंटीन स्थलों पर ठहरे लोगों से बातचीत की। इसके बाद अधिकारियों ने बांदा-चित्रकूट बॉर्डर का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने नई बाजार अग्रवाल धर्मशाला पर व्यापारी राहुल गुप्ता, गोलू गुप्ता, अंकित केसरवानी आदि विभिन्न व्यापारियों के संचालित सामुदायिक किचन का औचक निरीक्षण कर भोजन की क्वालिटी का परीक्षण किया।
लॉकडाउन तोड़ने पर 117 वाहनों के चालान
चित्रकूट। लॉकडाउन तोड़ने वालों पर पुलिस सख्ती बरत रही है। अबतक जिले में 117 वाहन व 228 से अधिक लोगों के खिलाफ लॉकडाउन उल्लघंन की कार्यवाही हो चुकी है।
130 महिलाओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
राशन सामग्री न मिलने पर किया था नगर पंचायत का घेराव
मानिकपुर। राशन सामग्री की मांग को लेकर मानिकपुर नगर पंचायत का घेराव करने पर 130 महिलाओं के खिलाफ नामजद लॉकडाउन के उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया है। इस मामले के दर्ज होने के बाद स्थानीय लोगोें को कहना है कि यदि महिलाओं की समस्या का निराक रण वार्ड स्तर पर ही कर लिया जाता तो महिलाएं ऐसा नहीं करती। गौरतलब है कि शनिवार को मानिकपुर कस्बा स्थित नगर पंचायत के सामने राशन सामग्री की मांग को लेकर एक सैकड़ा से अधिक महिलाआें ने घेराव किया था। इस मामले में नगर पंचायत के अधिशाषी अधिकारी रामआशीष वर्मा ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ थाने में लॉकडाउन का उल्लंघन को लेकर मामला दर्ज कराया है। इसकी जानकारी के बाद समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष अनुज यादव, कॉग्रेस की रंजना पांडेय ने कहा कि लॉकडाउन होने से मजदूरों को काम नहीं मिल रहा है। जिससे उनके घरों में खाने की व्यवस्था नही है। महिलाएं जब राशन सामग्री मांगने के लिए जाती है तो उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। इस मामले को लेकर पार्टी के हाईकमान को अवगत कराया जाएगा।
पहले कराओ जांच, फिर आओ
चित्रकूट। कोरोना संक्रमण को लेकरक परिजन भी सतर्क है। इसी क्रम में बरगढ़ में नागपुर से आए एक युवक को परिजनों ने घर के अंदर जाने से पहले स्वास्थ्य परीक्षण कराने को कहा। युवक ने आरोप लगाया कि वह कई घंटे तक थाने में बैठा रहा एसडीएम को भी जानकारी दी गई लेकिन रविवार की रात कोई जांच नहीं हुई। इसी प्रकार बेड़ी पुलिया के पास स्थित दुर्गादास का पुरवा निवासी एक युवक तीन दिन पहले गुजरात से आया है लेकिन उसका स्वास्थ्य परीक्षण नहीं कराया गया है।
घर तक दवा पहुंचाई
भौंरी। रैपुरा थाना अंतर्गत रामपुर गांव के सुंदर गुप्ता ने पुलिस के कंट्रोल रूम में बीमार होने पर दवा मंगाने के लिए कहा था। जिस पर रैपुरा पुलिस ने शहर से दवा मंगाकर उसके घर तक पहुंचाई। संवाद