मानिकपुर/मऊ /राजापुर/बरगढ़(चित्रकूट)। चित्रकूट जिले की मानिकपुर विधानसभा (237) सीट पर सोमवार को सुहाने मौसम के बीच उपचुनाव में वोट बरसे। सुबह सात बजे से ही दस्यु प्रभावित इलाके से लेकर बीहड़ क्षेत्र के गांव के बूथों पर मतदाताओं की लंबी लाइन लग गई। दोपहर मतदान धीमा हुआ लेकिन शाम तीन बजे के बाद फिर इसमें तेजी आई। देर शाम तक 53 प्रतिशत मतदान रहा। गुरौला में पुलिसकर्मियों द्वारा एक युवक को पीटने पर तनावपूर्ण स्थिति बनी।
बगदरी में सपाइयों ने भाजपाइयों व पीठासीन अधिकारी पर भाजपा के पक्ष में मतदान करने का आरोप लगाया। कई स्थानों पर ईवीएम एक से दो घंटे तक खराब रही। राजापुर के पराको गांव में ईवीएम की बटन दबाते समय सेल्फी लेकर प्रधान के पति ने सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। इसे नियम का उल्लघंन मानकर एसपी ने कानूनी कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।
मानिकपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव में कुल नौ प्रत्याशियों के बीच हुए मुकाबले में 3 लाख 38 हजार 116 मतदाताओं वाले क्षेत्र के मतदाताओं ने इन सभी दावेदारों के भाग्य का फैसला ईवीएम में कैद कर दिया है। सोमवार 410 बूथों पर तैनात 1800 कर्मचारियों ने जैसे ही मतदान शुरू कराया तो पहला मतदान कर प्रमाण पत्र लेने की कई बूथों में मतदाताओं के बीच होड़ रही। इटवां, हर्दीकला, सुरौंधा, कोटवामाफी, सुहैल समेत छह अन्य बूथों पर ईवीएम खराब हो गई। जिससे एक घंटे से लेकर दो घंटे तक मतदान प्रभावित रहा। नई ईवीएम लगाकर मतदान शुुरू कराया गया। मानिकपुर के गुरौला व मऊ के हर्दीकलां गांव में विकास कार्य न होने पर मतदान का बहिष्कार किया गया। जानकारी होने पर पहुंचे अधिकारियों ने हर्दीकला के ग्रामीणों को समझाकर मतदान शुरू करा दिया। गुरौला की स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। किसी तरह शाम तीन बजे तक कुल 840 मतदाताओं में महज 11 वोट पड़े।
डीएम शेषमणि पंाडेय, एसपी मनोज कुमार झा, सीडीओ डा. महेंद्र कुमार गांव पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। इसके पूर्व इसी गांव के अनिल यादव ने आरोप लगाया कि सिपाहियों ने उसे बाइक से उतारकर मारा पीटा। इससे गांव में पुलिस कार्यप्रणाली से तनाव रहा।
राजापुर के पराको गांव के बूथ पर प्रधान के पति भगवान दास ने ईवीएम पर वोट डालने की बटन दबाने की सेल्फी लेकर इसे सोशल मीडिया में वायरल किया। इसे चुनाव नियमावली का उल्लघंन मानते हुए पुलिस अधीक्षक ने राजापुर एसओ गुलाब त्रिपाठी को निर्देश दिए कि आरोपी पर कानूनी कार्रवाई की जाए। सपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष अनुज यादव ने आरोप लगाया कि बगदरी गांव के बूथ पर भाजपाई व पीठासीन अधिकारी मिलकर फर्जी मतदान कर रहे हैं। ग्रामीण व बीहड़ इलाकों में मतदान का प्रतिशत अच्छा रहा। सुबह से लेकर दोपहर तक ही ग्रामीणों ने मानो पहले मतदान फिर जलपान की तर्ज पर वोट डाला। कुख्यात डाकू बबुली कोल के मारे जाने के बाद उसके गांव व आसपास कहीं खौफ नहीं दिखा।
डाकू बलखडिया के गांव के बूथ लखनपुर में सुबह साढे़ दस बजे तक कुल वोट 630 में 22 प्रतिशत वोट पड़ गए थे। कभी दस्यु गतिविधियों का केंद्र रहे सकरौंहा गांव में दोपहर 12 बजे तक 1382 मतों में 600 मत पड़ चुके थे। चुनाव प्रेक्षक एस धनराजू, चित्रकूट धाम मंडल के कमिशभनर शरद सिंह व डीआईजी दीपक कुमार ने भी मतदान वाले क्षेत्रों में निरीक्षण किया।