राजापुर (चित्रकूट)। राजापुर थाना अंतर्गत तिरहार क्षेत्र के खोपा गांव में जहरीली शराब पीने से एक ही बिरादरी के चार लोगों की मौत हो गई। इस मामले में एसपी अंकित मित्तल ने थाने के बीट प्रभारी दरोगा समेत दो सिपाहियों को निलंबित कर दिया है। आईजी के. सत्यनारायण ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। शराब तो देशी ठेके की थी पर शराब पीने से मौत होने की पूरी आशंका है, लेेकिन जहरीली होने के अभी प्रमाण नहीं हैं। परचून की दुकान व शराब के ठेके से बची शराब के पाउच व बोतलों को बरामद कर जांच के लिए भेजा गया है। इनकी मौत ओवरडोज, खाली पेट पीना या एक्सपायरी डेट की शराब होना भी कारण हो सकता है। इस मामले में कोई लापरवाही नहीं होगी। जांच के बाद बडे़ अधिकारियों व अन्य कर्मचारियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीणों का कहना है कि इन सभी ने गांव की परचून की दुकान से शराब खरीदकर पी थी। यह पार्टी शुक्रवार व शनिवार दो दिन चली थी। जिसमें सीताराम की मौत पहले ही गांव में हो गई थी। परिजनों ने शनिवार की सुबह अधिकारियों के पहुंचने से पहले ही गांव के बाहर सीताराम का अंतिम संस्कार कर दिया था।
----------------------------
मृतकों के परिजनों को दिया जाए 10-10 लाख का मुआवजा
चित्रकूट। राजापुर क्षेत्र के खोपा गांव में जहरीली शराब पीने से हुई चार लोगों की मौत पर बुन्देली सेना ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। सेना की ओर से मांग की गई है कि दोषी आबकारी विभाग के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए। बुन्देली सेना के जिलाध्यक्ष अजीत सिंह ने बताया कि जिले में आबकारी विभाग की मिलीभगत से कच्ची शराब बेची जा रही है। (संवाद)
-----------------------------------------
मरने वाले चारों आपस में रिश्तेदार
राजापुर (चित्रकूट)। शराब पीने के बाद मृृतक व बीमार सभी ग्राम खोपा के निवासी है और आपस में रिश्तेदार भी हैं।
------
मृतक-
1- सत्यमसिंह (25) पुत्र जितेंद्र सिंह
2- दुर्विजय सिंह (35) पुत्र कंचन सिंह
3- मुन्ना सिंह (40) पुत्र देवनाथ सिंह
4- सीताराम सिंह (60) पुत्र शिवपाल सिंह
---
बीमार है जो अस्पताल में भर्ती
1- छोटू सिंह (35) पुत्र रामनरेश सिंह
2- बबली सिंह (35) पुत्र अंबोल सिंह
3- निवर्तमान प्रधान मनोहर (48)