मानिकपुर (चित्रकूट)। बहिलपुरवा थाना क्षेत्र के ददरी गांव के जंगल के पास गुरुवार की सुबह डेढ़ लाख के इनामी डाकू गौरी यादव गैंग के मददगारों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। फिलहाल फायरिंग में कोई हताहत नहीं हुआ। कुछ देर बाद पुलिस ने दो मददगारों को दबोच लिया। उनके कब्जे से दो तमंचे, चार कारतूस, तीन खोखे के अलावा दैनिक उपयोगी की वस्तुएं बरामद हुई हैं।
पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने बताया कि मुखबिर ने सूचना दी। बताया कि कुछ मददगार डाकू गौरी यादव गैंग को खाद्य सामग्री के साथ असलहे पहुंचाने जा रहे हैं। इस पर बहिलपुरवा थाना पुलिस टीम को सतर्क किया गया। थाना प्रभारी दीनदयाल सिंह ने टीम के साथ ददरी माफी गांव के जंगल के पास माडों बांध पर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही दो ग्रामीणों ने फायरिंग कर दी। पुलिस टीम ने कुछ देर बाद छोटी बेलहरी गांव निवासी महेश यादव उर्फ बच्चा और संतोष यादव को दबोच लिया। इनके कब्जे से तमंचे कारतूस व खाद्य सामग्री बरामद हुई है। आरोपियों ने बताया कि वह डाकू गौरी गैंग को मदद पहुंचाने जा रहे थे। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों आरोपियोें को जेल भेज दिया गया है।