चित्रकूट। सदर कोतवाली अंतर्गत एक गांव में देर रात युवक ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। परिजनों के जागने पर उन्हें धमकी देकर भाग निकला पर मोबाइल छूट गया। मोबाइल लेने के लिए आरोपी ने फोन कर धमकी दी। इस पर पीड़ित परिजनों ने कोतवाली में आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है।
एक गांव निवासी एक महिला ने बताया कि मंगलवार की रात में वह बच्चों के साथ घर में सो रही थी। 17 वर्षीय बेटी दूसरे कमरे में सो रही थी। इसी बीच गांव का एक युवक दीवार को फांदकर बेटी के कमरे में पहुंच गया और दुष्कर्म किया। किशोरी ने बताया कि विरोध कर चिल्लाने का प्रयास किया तो मुंह में कपड़ा ठूंस दिया।
कुछ देर बाद किशोरी की मां जागी तो बेटी के कमरे जाकर देखा और आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया। तब वह धमकी देकर भाग निकला। महिला ने बताया कि आरोपी ने मोबाइल लेने के लिए बुधवार की सुबह फोन किया और कहा कि चुपचाप फोन लौटा दो नहीं तो जान से मरवा देंगे। भयभीत परिजनों ने मुख्यालय आकर सदर कोतवाली में आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है। परिजनों ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराकर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है। कोतवाल वीरेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है।