चित्रकूट में कानपुर के बिल्हौर थानांतर्गत निवासी पंकज उर्फ कल्लू कठेरिया की करंट से मौत हो गई। फ
- फोटो : CHITRAKUTT
चित्रकूट/खोही। धर्मनगरी परिक्रमा मार्ग स्थित लक्ष्मण पहाड़ी तीर्थ स्थान की सीढ़ियों पर लगे लोहे के खंभे में करंट आने से एक तीर्थयात्री की मौत हो गई। जबकि उसके परिवार के आठ सदस्य चिपकने से बाल-बाल बच गए। मृतक कानपुर नगर के बिल्हौर थानांतर्गत उतरीपुरा चौकी के मदाराराय गुमान गांव के रहना वाला था। मृतक पुत्री मुस्कान का मुंडन संस्कार कराने के लिए आया था। शाम तक शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका, जिसके चलते परिजन मुख्यालय में ही रुके रहे।
सदर कोतवाली अंतर्गत धर्मनगरी के परिक्रमा मार्ग स्थित लक्ष्मण पहाड़ी तीर्थ स्थान पर गुरुवार को एक परिवार के सदस्य सीढ़ी से नीचे उतर रहे थे। इसी बीच सीढ़ियों के पास लगे एक लोहे के खंभे में करंट आने से पंकज उर्फ कल्लू कठेरिया (26) पुत्र भइयालाल निवासी कानपुर शहर के उतरीपुरा चौकी के मदाराराय गुमान गांव निवासी चिपक गया। यह देख अन्य परिजन हतप्रभ रह गए। परिवार के अन्य सदस्यों ने पंकज को पकड़ने के लिए आगे बढे़ तो वहां मौजूद लोगों ने मना किया। जिसके चलते परिवार के आठ सदस्य चिपकने से बाल-बाल बच गए। इसके बाद परिजन स्थानीय लोगों की मदद से पंकज को लेकर एक प्राइवेट डाक्टर के पहुंचे, जहां डाक्टर ने उसे मृत करार दिया। इतना सुनते ही परिवार के अन्य सदस्यों में कोहराम मच गया। मृतक के साले घाटमपुर के तेनापुर निवासी सर्वेश ने बताया कि बुधवार की रात आठ बजे वह लोग घाटमपुर के तेनापुर गांव से चार पहिया से चित्रकूट के लिए चले थे। सुबह कामदगिरी मंदिर पहुंचकर मृतक की पुत्री मुस्कान का मुंडन संस्कार कराया था। मृतक पांच भाइयों में तीसरे नंबर का है, जो अपनी निजी चार पहिया वाहन चलाकर परिवार का पालन पोषण करता था। मृतक पंकज के साथ पत्नी निशा, बेटी मुस्कान सहित साला सर्वेश, महेश, सर्वेश की पत्नी संगीता पुत्र दीपांशु, आंकाक्षा, खुशबू, व रिश्तेदार की पुत्री तन्नू भी आई थी।