डीएम मोनिका रानी ने पशुपालन विभाग के अधिकारियों व लाभार्थियों के साथ कामधेनू, मिनी कामधेनू एवं माइक्त्रसे कामधेनू डेरी योजना की समीक्षा की। बैठक में पशु चिकित्साधिकारी डा. डीके पांडेय के अनुपस्थित रहने पर वेतन रोकने के निर्देश दिए। जबकि लापरवाही की शिकायत पर पशु चिकित्साधिकारी भौरी डा. पुष्पेंद्र कुमार के खिलाफ शासन को पत्र भेजने तथा पशु चिकित्साधिकारी रामनगर के खिलाफ विभागीय कार्यवाही शुरू करने के निर्देश दिए।
बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि इसी माह बैंकों से स्वीकृत तीन इकाइयों को क्रियाशील किया जाए। इन योजनाओं की साप्ताहिक समीक्षा अग्रणी जिला बैंक प्रबंधक, बैंक प्रबंधक एवं लाभार्थियों के साथ बैठक करें। जो कमियां हों उनका निस्तारण कराएं, ताकि योजनाओं का संचालन सही तरीके से हो सके। उन्होंने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए हैं कि जिन लाभार्थियों के पशुओं की मृत्यु हो गई है और अभी तक उन्हें बीमा कंपनी से क्लेम नहीं मिला हैं, उन्हें तत्काल क्लेम दिलाया जाए।