चित्रकूट। दीपावली और अमावस्या मेले को लेकर प्रशासन ने वाहनों का किराया तय कर दिया है। एआरटीओ रामप्रकाश सिंह ने बताया कि रेलवे स्टेशन कर्वी से रामघाट तक 20 रुपये, सीतापुर तक 15, बेड़ी पुलिया तक 10, हनुमान धारा मार्ग से रामघाट तक 30 और सती अनुसूइया-गुप्त गोदावरी होकर लौटने तक 90 रुपये निर्धारित किए गए हैं। स्टेशन से रामघाट तक ऑटो बुक कराने पर 200 रुपये किराया तय किया गया है।
एआरटीओ ने चेतावनी दी कि तय दर से अधिक किराया वसूलने पर चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग ने मेले के दौरान सात चिकित्सा टीमों की तैनाती की है, जबकि एक टीम रिजर्व में रखी गई है। सीएमओ डॉ. भूपेश द्विवेदी ने बताया कि सभी सीएचसी में 24 घंटे चिकित्सक मौजूद रहेंगे। जिला अस्पताल में सर्जन, नेत्र और हड्डी रोग विशेषज्ञ सहित अन्य डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई गई है।
रेलवे स्टेशन पर भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आरपीएफ और जीआरपी जवानों की तैनाती की गई है। स्टेशन अधीक्षक सुरेश कुमार ने बताया कि प्लेटफॉर्म पर स्वास्थ्य विभाग की टीम, एंबुलेंस और पेयजल टैंकर की व्यवस्था की गई है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।