सरैंया। प्रयागराज से सब्जी लेकर बांदा की ओर जा रही पिकअप की हाईवे पर ट्रक से टक्कर हो गई। इसमें घायल पिकअप चालक की मौत हो गई। क्लीनर को जिला अस्पताल से कानपुर रेफर किया गया है।
झांसी मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग के रैपुरा थाना क्षेत्र के भौरी गांव के पास रविवार की शाम को सब्जी लेकर बांदा की तरफ जा रहे पिकअप की सामने से टक्कर हो गई। इसमें पिकअप चालक बांदा जनपद के बबेरू थाना क्षेत्र के उमरसी गांव निवासी रामनरेश व क्लीनर अतर्रा निवासी संजय कुशवाहा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दोनों को जिला अस्पताल से भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार देकर हालत नाजुक होने पर चालक रामनरेश को कानपुर रेफर किया था। रास्ते में उसकी मौत हो गई।
साले दीपक ने बताया कि रामनरेश पिकअप का मालिक भी थे। गाड़ी से सब्जी ले जाने का काम करते थे। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। घटना के बाद से मृतक की मां रामकलिया का रो-रो कर बुरा हाल है।