एसडीएम ने रविवार को रायपुर ग्राम पंचायत के समगरी का पुरवा प्राथमिक विद्यालय में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से मौके पर ही कुछ समस्याओं का निस्तारण कराया। उन्होंने सचिव चंद्रभान सिंह की नामौजूदगी पर नाराजगी जाहिर कर इसका कारण तलब किया।
एसडीएम अभयराज से ग्रामीणों ने स्वास्थ्य, पेंशन, शिक्षा, एमडीएम, राशन और राजस्व से संबंधित शिकायतें कीं। एसडीएम ने मत्स्य पालन के पट्टे के आवेदन भी लिए।
मौके पर 58 समस्याओं का निस्तारण किया गया। एसडीएम ने ग्रामीणों के साथ सड़क, शौचालय आदि का स्थलीय मुआयना किया। कई शौचालय अपूर्ण पाए जाने पर उन्होंने इन्हें जल्द बनवाने की हिदायत दी।
समाजवादी पेंशन के लाभार्थियों की सूची भी पढ़कर सुनाई गई। आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन को लेकर ग्रामीणों ने शिकायत की तो उन्होंने संचालकों को फटकार लगाई। इस दौरान प्रधान शंकर दयाल, शिवबोध, रामबदन करवरिया, भगवान सहाय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।