मानिकपुर। जिले की सीमा से सटे मप्र क्षेत्र के धारकुंडी आश्रम के पास स्थित अघमर्षण कुंड में रविवार की शाम नहाते समय मामा और भांजा गहरे पानी में डूब गए। साथ के युवक ने देखा तो धारकुंडी थाना पुलिस को सूचना दी। काफी प्रयास के बाद दोनों को पुलिस ने बाहर निकाला लेकिन तब तक दोनों दम तोड़ चुके थे।
सतना जिले के जैतवारा थाना क्षेत्र के बम्हौरी निवासी नीलेश त्रिपाठी ने बताया कि रविवार की शाम को चचेरे भाई अमन त्रिपाठी (24) व उसके भांजे इटवा डुडैला थाना मारकुंडी हाल मुकाम नौगांव थाना मझगवां निवासी अजय पांडेय (19) के साथ धारकुंडी आश्रम घूमने गए थे। सभी अधमर्षण कुंड में नहा रहे थे। अजय का पैर फिसला तो वह गहरे पानी में डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में अमर भी डूबने लगा। दोनों को डूबता देख उसने पुलिस को सूचना दी।
नीलेश की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से मामा अमन और भांजे अजय की पानी में तलाश कराई। काफी देर बाद दोनों को बाहर निकाला गया लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। धारकुंडी थाना प्रभारी शैलेंद्र पटेल ने बताया कि तीनों धारकुंडी आश्रम घूमने आए थे। कुंड में नहाते समय गहरे पानी में जाने से दो युवकों की मौत हुई है। सोमवार को दोनों के शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए गए हैं।