चित्रकूट। मानिकपुर जंक्शन में एक यात्री का जेवर से भरा बैग चोरी करने के आरोप में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चोरों के कब्जे से नकदी व जेवर मिले हैं। दोनों चोरों ने कई चोरियों के बारे में भी पुलिस को बताया है।
मऊ रानीपुर से प्रयागराज जा रहे यात्री दीपेंद्र तिवारी ने बताया था कि खोह से बहिलपुरवा रेलवे स्टेशन के बीच में उसका बैग चोरी हो गया था। बैग में नकदी व सोने चांदी के जेवर भरे थे। करीब 10 लाख रुपये कीमत के जेवर रहे। तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की थी।
जीआरपी प्रभारी शालिनी सिंह भदौरिया ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे की मदद से चोरों के बारे में पता लगाया और तलाश की। इनमें एक की पहचान भरतकूप थाना क्षेत्र के पहाड़िया बुजुर्ग निवासी पवन सिंह व दूसरे की बरेली जिले के मीरगंज थाना कस्बा निवासी हरवंश सिंह उर्फ विकास दिवाकर के रूप में हुई। चोरों ने बताया कि वह ट्रेन व प्लेटफार्म पर यात्रियों के बैग, पर्स, मोबाइल चोरी करते हैं।