चित्रकूट। धर्मनगरी में दीपावली मेले का आगाज होते ही आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। धनतेरस पर शुक्रवार को मेले के पहले दिन करीब दो लाख श्रद्धालुओं ने मंदाकिनी में डुबकी लगाई। इसके बाद भगवान कामतानाथ के दर्शन कर श्रीकामदगिरि की परिक्रमा की।
बृहस्पतिवार रात से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। मंदाकिनी के घाटों पर दीपदान और कामदगिरि की परिक्रमा के लिए दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। पांच दिवसीय मेले में अगले दिनों तक 30 से 40 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है।
मेले में बाढ़ के बाद पहली बार मंदाकिनी के दोनों तटों को आकर्षक लाइटिंग और विजुअल डिस्प्ले से सजाया गया है। घाटों से लेकर परिक्रमा मार्ग तक दीपमालाओं की रोशनी ने पूरे क्षेत्र को जगमग कर दिया है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए परिक्रमा पथ पर साफ-सफाई, पेयजल और प्रकाश की व्यवस्था की गई है। वहीं बेड़ी पुलिया से रामघाट तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
ऑटो-ई-रिक्शा का किराया तय
चित्रकूट। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को ऑटो और ई-रिक्शा चालकों की मनमानी से बचाने के लिए प्रशासन ने किराया निर्धारित कर दिया है। कर्वी रेलवे स्टेशन से रामघाट तक 20 रुपये और बेड़ी पुलिया तक 10 रुपये किराया तय किया है।
यातायात प्रभारी हरिराम यादव ने बताया कि मेले के दौरान अक्सर चालक श्रद्धालुओं से निर्धारित दर से अधिक किराया वसूलते हैं। इस पर रोक लगाने के लिए किराया सूची निर्धारित की गई है। तय दर से अधिक वसूली करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)
श्रद्धालुओं के लिए चलाई जाएंगी 30 बसें
चित्रकूट। दीपावली मेले में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए परिवहन विभाग ने 30 बसें लगाई हैं। इन बसों पर स्टेशन से शंख चौराहे तक का किराया अंकित रहेगा, जिससे श्रद्धालु अपनी सुविधा के अनुसार यात्रा कर सकें और उनसे अधिक किराया न वसूला जा सके। वहीं श्रीराम पथ वनगमन में मेले की सबसे बड़ी पार्किंग बनाई गई है। इस पार्किंग में करीब दो से ढाई हजार वाहनों के खड़े होने की क्षमता है। (संवाद)
जिला अस्पताल में 10 बेड का विशेष वार्ड तैयार
चित्रकूट। दीपावली मेले में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए जिला अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग ने पुख्ता तैयारी कर ली है। अस्पताल में 10 बेड का विशेष वार्ड आरक्षित किया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तुरंत इलाज मिल सके। ॉ
मेले में हादसा, फूड पॉइजनिंग, बुखार, उल्टी-दस्त और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं की आशंका को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है। वार्ड में ऑक्सीजन, सभी आवश्यक दवाएं, ग्लूकोज, इंजेक्शन और चिकित्सा उपकरण पहले से उपलब्ध करा दिए गए हैं। 24 घंटे डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ वार्ड में मौजूद रहेंगे। जरूरत पड़ने पर वरिष्ठ डॉक्टरों को भी बुलाया जाएगा।
मेला क्षेत्र के प्रमुख घाटों और परिक्रमा मार्ग पर मेडिकल कैंप भी लगाए गए हैं। एंबुलेंस को मेला क्षेत्र के पास तैनात किया गया है, सीएमएस डॉ शैलेंद्र कुमार ने बताया कि जिला अस्पताल में 10 बेड का वार्ड तैयार हैं। (संवाद)
06 सीकेटीपी-04-मंदाकिनी नदी में डुबकी के लिए लगी श्रद्धालुओं की भीड़। संवाद
06 सीकेटीपी-04-मंदाकिनी नदी में डुबकी के लिए लगी श्रद्धालुओं की भीड़। संवाद
06 सीकेटीपी-04-मंदाकिनी नदी में डुबकी के लिए लगी श्रद्धालुओं की भीड़। संवाद