सरैंया/रामनगर में गुटका देने से मना करने पर गांव के कुछ युवकों ने बाप-बेटे की बेरहमी से पिटाई की। घटना की जानकारी होने पर परिजनों ने आरोपी के घर जाकर उलाहना दी। एक पक्ष ने कुल्हाड़ी से वार करने के आरोप लगाया। पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से रिपोर्ट दर्ज की है।
रैपुरा थानाक्षेत्र के इटवां गांव निवासी विनय शंकर केशरवानी ने बताया कि मंगलवार दोपहर अपनी परचून की दुकान पर था। गांव के अमन सिंह कुछ युवकों के साथ आया और गुटका मांगा। दुकान में गुटका न होने पर मना कर दिया तो वह गाली गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसे दुकान से घसीटकर पीटने लगा।
यह देख पिता विजय आए तो आरोपियों ने उन्हें भी पीटा। दूसरे पक्ष के अमन, दिनेश, शिवबालक, शिवमंगल, मोगरी, शिवराम, लल्लू व दिलीप आदि ने बताया कि दुकानदार पिता पुत्र ने उन पर कुल्हाडी से हमला किया।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी रमेश चंद्र मौके पर पहुंचे और दोनों पक्ष के लोगों को पकड़ा। बताया कि दोनों पक्ष की ओर से नामजद रिपोर्ट दर्ज कर मेडीकल कराया गया है।