चित्रकूट। बाइक से धर्मनगरी दर्शन करने आ रहे दो दोस्तों की बाइक पर बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर पिकअप ने पीछे से टक्कर मार दी। इसमें एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया। चालक पिकअप लेकर भाग निकला।
बांदा जिले के तिंदवारी ब्लाॅक के हनुमान नगर निवासी अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि छोटा भाई अजय राज मिश्रा (28) व भिडौरा चौराहा रामनगर तिंदवारी निवासी उसका दोस्त राहुल गुप्ता (23) मंगलवार को बाइक से चित्रकूट दर्शन करने जा रहे थे। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे स्थित मऊ बा के टोल प्लाजा के पास पीछे से आ रही पिकअप ने टक्कर मार दी। इससे दोनों बाइक सवार उछलकर सड़क पर जा गिरे। पीछे बैठे राहुल की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक चला रहा अजय गंभीर रूप से घायल हो गया। यह देखकर चालक पिकअप लेकर भाग गया। जानकारी पर पहुंची भरतकूप पुलिस ने इसकी सूचना परिजनों को दी। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवरामपुर में भर्ती कराया। डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी प्रवीण सिंह ने बताया कि मृतकों के पास मिले मोबाइल से परिजनों को जानकारी दी गई। बाइक पर हेलमेट टंगा था दोनों में से किसी ने हेलमेट नहीं पहना था। बुधवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है।