चित्रकूट। भरतकूप थाना क्षेत्र में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर मंगलवार को तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार दो साढ़ू की मौके पर ही मौत हो गई। एक की भतीजी की मंगलवार को बारात है। घटना के बाद बाइक में आग लग गई और जल गई। आग देख गुजर रहे वाहनों की पहिए थम गए पुलिस ने कार को पकड़ लिया है। बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहना था।
थाना क्षेत्र के अहिरन पुरवा निवासी हरिनारायण यादव ने बताया कि उसका छोटा भाई महेंद्र यादव (35) पतौड़ा निवासी अपने साढ़ू सुरेश यादव की बेटी रोशनी देवी की शादी में शामिल होने के लिए पत्नी संगीता देवी, बेटा आशीष, बेटी दामिनी व आसिनी के साथ सोमवार को गया था। मंगलवार को बारात है। बारात के लिए कुछ सामान लेने साढ़ू के छोटे भाई रविकरण (26) के साथ बाइक से भरतकूप आए थे। वहां से लौटते समय बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर सामने से आई कार ने बाइक टक्कर मार दी। इससे दोनों बाइक सवार गिर गए और सिर पर चोट अधिक लगने से दोनों की मौत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक में आग लग गई और धू-धूकर जल गई। घटना की जानकारी पर भरतकूप थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कार को कब्जे में ले लिया।
घटना की जानकारी पुलिस ने परिजनों को दी। परिजन मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी मिलते ही शादी वाले घर में कोहराम मच गया। बारात के स्वागत की तैयारियां ढीली पड़ गई। लोग काम तो कर रहे थे लेकिन आँखों में आंसू नहीं रुक रहे थे। वहीं दुल्हन को घटना की जानकारी नहीं दी गई है कि उसके चाचा की मौत हो चुकी है। थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि परिजनों ने आज पोस्टमार्टम कराने से भी मना कर दिया है। उनका कहना है कि बारात विदा होने के बाद पोस्टमार्टम कराएंगे। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। बाइक सवारों के हेलमेट नहीं पहनने की जानकारी मिल रही है। मौके से हेलमेट नहीं मिला है।