खोही/मानिकपुर। चित्रकूट सतना मार्ग के बगदरा घाटी के आगे मोड़ पर टमाटर से लदा ट्रक पलट गया। चालक व खलासी को चोट आई। राहगीरों को सूचना पर पहुंची पुलिस ने उनको जानकीकुंड अस्पताल में भर्ती कराया। इसके अलावा मानिकपुर से सतना मार्ग की काली घाटी में पिकअप पलट गई। चालक व खलासी को मामूली चोट आई। दोनों घाटियों पर संकेतांक न लगे होने से अक्सर घटनाएं हो रही हैं।
शुक्रवार की सुबह नागपुर की ओर जा रहा टमाटर लदा ट्रक बगदरा घाटी के मोड़ पर पहुंचा तो सामने से आ रहे अन्य वाहन को बचाने में चालक का संतुलन बिगड़ गया। ट्रक घाटी किनारे जाकर पलट गया। तिरपाल से बंधा होने से टमाटर सड़क पर तो नहीं गिरे, लेकिन जाम की स्थिति बन गई। सूचना पर थाना प्रभारी डीआर शर्मा पहुंचे और क्रेन से ट्रक को हटवाकर रास्ता साफ कराया। चालक सतना निवासी रामकुमार व खलासी आनंद को जानकीकुंड अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उधर, मानिकपुर काली घाटी पर शुक्रवार की सुबह एक पिकअप पलट गया। चालक ऐंचवारा निवासी संतोष व भौंरी निवासी खलासी गुलाब घायल हुए। प्राथमिक इलाज के बाद दोनों घर चले गए।