चित्रकूट/खोही। जिले की सीमा से सटे बगदरा घाटी में सीमेंट से लदा ट्रक पलट गया। चालक और खलासी ट्रक के नीचे दब गए। सूचना पर पुलिस और स्थानीय लोग पहुंचे। जेसीबी की मदद से केबिन में फंसे चालक और खलासी को निकाला, लेकिन तब तक चालक की मौत हो गई। खलासी की हालत नाजुक है।
प्रतापगढ़ जिले के थाना नवाबगंज के बाबू का पुरवा निवासी खलासी अनूप यादव ने बताया कि मंगलवार की रात को वह सतना से सीमेंट लादकर रायबरेली जा रहे थे। चित्रकूट-सतना रोड स्थित बगदरा घाटी के पास मोड़ पर सामने से अन्य वाहन की लाइट पड़ने से चालक ने संतुलन खो दिया। इससे ट्रक लहराते हुए सड़क किनारे पलट गया। इससे चालक रायबरेली जिले के आशानंदपुर निवासी छोटेलाल (40) की मौत हो गई। वह भी घायल हो गया। उसको जानकीकुंड अस्पताल में भर्ती कराया गया। कुछ होश आने के बाद भी हालत में सुधार नहीं हुआ तो सतना अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
थानाध्यक्ष नया गांव चित्रकूट पंकज कुमार शुक्ला ने बताया कि चालक के परिजनों को बुलाया गया। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। बताया कि ट्रक पलटने के बाद केबिन में चालक और खलासी फंस गये थे। उन्हें निकालने के लिए जेसीबी मंगानी पड़ी। इस दौरान लगभग दो घंटे सड़क पर आवागमन भी प्रभावित रहा।